डीजे बंद करवाया तो लडक़ा पक्ष ने कर दी लडक़ी वालों की पिटाई


फरीदाबाद : डीजे बंद करने को लेकर बरातियों द्वारा लडक़ी पक्ष को पीटने का मामला प्रकाश में आया है। बल्लभगढ़ के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेज संगीत बजाने को लेकर वर-वधु पक्ष के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान बरातियों ने लडक़ी पक्ष के लोगों को पीट दिया, जिसमें लडक़ी पक्ष के कई लोग घायल हो गए। झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लडक़ी के पिता अतर सिंह की शिकायत पर बरातियों के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आदर्श नगर थाना क्षेत्र में 2 मार्च को बारात उत्तर प्रदेश के जेवर के दयानतपुर गांव से आई थी। बराती चढ़त के दौरान सभी नाच-गा रहे थे। आधी रात को करीब 12 बजे तेज संगीत बंद कर दिया गया, क्योंकि आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। कुछ बाराती नशे में धुत थे जो तेज संगीत बजाने की जिद कर रहे थे। लडक़ी पक्ष के लोगों ने मना किया, लेकिन दूल्हे पंकज के जीजा व उसके दोस्त मानने को तैयार नहीं हो रहे थे। लडक़ी के भाई विनोद ने उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन समझने की बजाए बरातियों ने विनोद के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में उसके सिर में कोई नुकीली चीज लग गई, जिससे उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा। यह देख बराती और लडक़ी वाला पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। जमकर दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले। इस झगड़े में लडक़ी पक्ष की तरफ से लडक़ी के पिता अतर सिंह व कई महिलाओं सहित कई अन्य लोगों को चोटें आई है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और कई बरातियों को हिरासत में ले लिया। दूल्हे पंकज ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने दुल्हन को साथ भेजने का आग्रह किया लेकिन बात नहीं बनी। लडक़ी पक्ष के लोगों ने बताया कि इससे पहले 29 फरवरी को जब वह उत्तर प्रदेश के जेवर दयानतपुर गांव में लगन लेकर गए थे। तभी भी उनके परिवार की महिलाओं के साथ वहां अभ्रद टिप्पणियां की गई थी। इसलिए उन्होंने लडक़े पक्ष के लोगों से कहा था कि ऐसे शरारती तत्वों को कतई बरात में लेकर मत आना। लेकिन वह नहीं माने। इन्हीं शरारती तत्वों ने यहां झगड़ा किया जिससे माहौल खराब हो गया। 

Loading

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *