फरीदाबाद: बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए अब हर घर दस्तक देगा निगम

स्मार्ट सिटी में वायु प्रदूषण को खतरनाक श्रेणी तक जाने से रोकने के लिए नगर निगम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगा। लोगों को समझाया जाएगा कि कूड़ा न फैलाएं और न जलाएं। अपने वाहनों का धुआं नियम के मुताबिक नियंत्रित रखें। इससे होने वाले नुकसान के बारे में समझाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने इंवेंट मैनेजमेंट कंपनी को जागरूकता का काम देने के लिए निविदाएं जारी की हैं।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए नगर निगम एक बड़ा जागरूकता अभियान चलाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय खिलाड़ी और अन्य प्रमुख सेलेब्रिटीज को शामिल किया जाएगा। शहरभर में होर्डिंग, बैनर, नुक्कड़ नाटकों और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। ताकि लोग शादियों और अन्य खुशी के पलों पर आतिशबाजी न जलाएं। कूड़ा नहीं जलाए और न ही फैलाएं। भवन निर्माण में नियमों का पालन करें। खुले में भवन निर्माण सामग्री न फैलाएं। वाहनों का प्रदूषण नियंत्रित रखें। बहराल, इस जागरूकता अभियान के तहत लोगों को नियमों का पालन करते हुए जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह अभियान करीब दो साल तक चलाया जाएगा। सोशल मीडिया, समाचार पत्रों, मोबाइल वैन के जरिए भी जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में चित्रकला, स्लोगन और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी जागरूकता लाई जाएगी।

Advertisement

केंद्र सरकार ने इस कार्यक्रम को पहले ही दे रखी है मंजूरी

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने को बीते मार्च महीने में ही मंजूरी और बजट दे दिया था। उस पूरी परियोजना में लोगों को जागरूक करने, पांच व्यस्तम चौराहों पर एयर प्यूरीफायर लगाने और हरित पट्टियों को विकसित करते हुए पौधे लगाना जैसे कार्य शामिल थे। लेकिन इस परियोजना पर कोरोना की दूसरी लहर के कारण काम नहीं हो सका। अब एक बार फिर से इस परियोजना में कुछ काम किए जाने हैं। जागरूकता अभियान उनमें से एक है।

स्कूली छात्रों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा

प्रदूषण के प्रति जागरूकता अभियान में कुछ सेलिब्रिटीज और स्कूली छात्रों को भी शामिल किया जाएगा। माना जाता है कि स्कूली छात्रों का सीधा संवाद अपने परिवार में प्रभावी होता है। बच्चों के क्रियाकलापों का असर बड़ों पर भी जल्दी पड़ता है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और अन्य सेलिब्रिटीज व्यक्तियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

Advertisement

पार्कों और हरित पट्टियों पर 50 हजार पौधे लगाएगा नगर निगम

इस अभियान के तहत नगर निगम शहर के विभिन्न पार्को और हरित पट्टियों पर करीब 50 हजार पौधे लगाएगा। नगर निगम का बागवानी विभाग इसके लिए जगह और पौधों की उपलब्धता करेगा। इस पौधों को शहर के अंदर की सड़कों के डिवाइडर और किनारे की हरित पट्टियों पर लगाया जाएगा।

Loading

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *