फरीदाबाद में मास्क न पहनने पर 11 माह में 18 हजार लोगों के कटे चालान

फरीदाबाद। कोरोना के नए स्वरूप ओमीक्रोन को लेकर पुलिस विभाग ने मास्क न पहनने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसे लेकर गत सप्ताह पहले जागरुकता अभियान चलाते हुए मास्क वितरित किए गए। वहीं सख्ती बरतते हुए चालान भी काटे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले 11 महीने में पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा विभिन्न इलाकों में मास्क न पहनने वाले 18 हजार से अधिक लोगों के चालान काटे। ‌इनसे 94 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यातायात थाना प्रभारी दर्पण सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में मास्क न पहनने वालों पर और भी सख्ती बरती जाएगी। शहर में पुलिस ने मास्क न पहनने वालों के खूब चालान काटे। इसके तहत इस साल 11 महीने में एक जनवरी से 24 नवंबर 2021 तक कुल 18 हजार 819 लोगों के चालान काटे। इनसे 94 लाख 9 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जबकि इसके मुकाबले गत वर्ष 2020 में चालान की संख्या इससे कहीं अधिक रही। बीते साल मात्र 6 महीने में 21 हजार 375 चालान काटे गए, जिनसे एक करोड़ 6 लाख 87 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जो इस साल की तुलना में 12 लाख 78 हजार ज्यादा है।

Advertisement

इस साल अब तक मास्क के चालान की रफ्तार रही धीमी

पुलिस के आंकड़ों से स्पष्ट है कि गत वर्ष की तुलना में इस साल में मास्क के चालान की रफ्तार काफी धीमी रही है। यातायात पुलिस की मानें तो कोरोना के स्वरूप ओमीक्रोन के बढ़ने के बाद पुलिस अब एक बार फिर से अलर्ट है। इसे लेकर यातायात पुलिस की ओर से गत सप्ताह मास्क पहनने के बारे में लोगों को जागरूक किया जा चुका है। साथ ही चालान भी काटे गए। इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने बल्लभगढ़ से सीकरी के बीच मास्क न पहनने को लेकर जागरुकता अभियान चलाने के साथ-साथ मास्क के चालान भी काटे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस बीमारी को हल्के में न लें। बचाव में ही सुरक्षा है। इसलिए सभी को मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। इसे लेकर शीघ्र ही पुलिस की ओर से भी सख्ती शुरू की जाएगी।

सोमवार से मास्क को लेकर सभी चौक-चौराहों पर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मास्क न पहनने वालों के चालान काटे जाएंगे। इसलिए लोग बिना मास्क न तो वाहन चलाएं और न ही सार्वजनिक स्थान पर बिना मास्क नजर आएं। इसके मद्देनजर सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शहर के सभी चौक-चौराहों पर मास्क व यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।- दर्पण सिंह, यातायात थाना प्रभारी

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *