कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप को बधाई देने पहुंचे एक दिन में 10 से 12 हजार लोग


फरीदाबाद, 26 अप्रैल। फरीदाबाद लोकसभा सीट से पूर्व कैबिनेट मंत्री चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह को कांग्रेस पार्टी द्वारा टिकट दिए जाने के बाद सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। रात को जैसे ही कांग्रेस पार्टी की टिकटों की घोषणा हुई, लोग सैनिक कॉलोनी स्थित चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह के निवास पर पहुंचने लगे और ढोल धमाकों एवं बम पटाखों के साथ खुशी का इजहार किया गया। शुक्रवार को सुबह से ही लोग चौ. महेन्द्र प्रताप को बधाई देने पहुंचने लगे। महेन्द्र प्रताप सिंह सबसे पहले गांव तिलपत स्थित बाबा सूरदास मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे और बाबा की समाधि पर माथा टेका। वहां भी लोगों ने फूल-मालाओं एवं मिठाई खिलाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि भाजपा ने जुमलों से पूरे देश की जनता को गुमराह करने का काम किया, लेकिन ये जुमले अब ज्यादा चलने वाले नहीं है और भाजपा के इन जुमलों की अब हवा निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में व्यक्तिगत रूप से भाजपा प्रत्याशी का विरोध है और जनता बदलाव चाह रही है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार रहेगा। 200-200 करोड़ के घोटाले हो गए, फाइलें जल गई कोई काम जमीन पर नहीं हुआ। लोगों की इच्छा के विरुद्ध 26 गांव नगर निगम में ले लिए गए। हजारों करोड़ की उनकी जमीन ले ली गई, लेकिन विकास के नाम पर एक ईंट नहीं लगी। चौ. महेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जियो और जीने दो के सिद्धांत पर काम करती है। हम गलत बात के विरोधी हैं, मुझे जन्म दिया है इस हलके ने। हलके बदल गए, लेकिन हमारी भावनाएं कभी नहीं बदली। हमारा व हमारे परिवार का सदैव लोगों से जुड़ाव रहा। स्मार्ट सिटी के नाम पर शहर को लूटने का काम किया गया, कॉलोनियों में गंदगी के अम्बार लगे हुए हैं।

महेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि तिलपत वह गांव है, जिसको भाजपा प्रत्याशी ने 10 साल पहले गोद लिया था, लेकिन आज भी वह गोद में ही रह गया। 10 साल में तो गोद लिया हुआ गांव विकास की दौड़ लगाने लगता, लेकिन पूरे 10 साल में तिलपत गांव भाजपा प्रत्याशी की गोद में रह गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 10 वर्षों में कोई काम नहीं किया। फरीदाबाद में मेट्रो लाने का काम कांग्रेस ने किया, ईएसआई मेडिकल कॉलेज कांग्रेस लेकर आई, यूनिवर्सिटी कांग्रेस लेकर आई, आईएमटी कांग्रेस लेकर आई। पिछले 10 साल में भाजपा सरकार मेट्रो का एक पिलर लेकर नहीं लगा पाई। विकास के नाम पर केवल पैसे खाने का काम भाजपा ने किया है। चौ. महेन्द्र प्रताप ने जनता को वचन दिया कि अगर, शहर की जनता ने मुझे जिताया तो फरीदाबाद का कायाकल्प करेंगे। मेट्रो का विस्तार करेंगे, स्वच्छ भारत के नाम पर जो नरक भारत भाजपा ने बनाया हुआ है, इसको दुरूस्त करने का काम हम करेंगे।

Advertisement

इस मौके पर उनके सुपुत्र विजय प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा की सभी 9 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। फरीदाबाद को भाजपा ने सबसे नीचले पायदान पर कर दिया है। पूरे 10 साल में मेट्रो का एक भी पिलर नहीं लगाया गया है। 200 करोड़ के घोटाले में कोई कार्रवाई नहीं की गई न ही उस पैसे की रिकवरी की गई। ग्रेटर फरीदाबाद के 26 गांव नगर निगम में ले लिए और उनके 1150 करोड़ रुपए डकार लिए, लेकिन विकास के नाम पर एक ईंट वहां पर नहीं लगाई गई है। पिछले 10 वर्षों में जो इन्होंने फरीदाबाद की जनता का हाल किया है, उसका जवाब फरीदाबाद की जनता वोट की चोट से देगी। खेलने के लिए मैदान नहीं है, सडक़ें टूटी पड़ी हैं, लोगों के लिए पीने के लिए पानी नहीं है, ऐसे में कैसी स्मार्ट सिटी इन्होंने बनाई है। प्रोपर्टी आई डी, फैमिली आई डी के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है, भ्रष्टाचार चरम पर है और इस भ्रष्टाचार के खिलाफ लोग वोट करेंगे। कांग्रेस की सरकार आई तो शहर में स्पोर्टस सिटी बनाने का काम करेंगे, बड़ा इंडस्ट्रीयल हब बनाया जाएगा, शहर में नई यूनिवर्सिटी, नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाई जाएगी।

Loading

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *