फरीदाबाद। तेज रफ्तार डंपर ने सैनिक रोड पर शराब ठेके के पास बाइक सवार पति पत्नी को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर अनखीर चौकी पुलिस व स्वजन मौके पर आ गए। पुलिस ने आरोपित डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला बड़खल गांव की रहने वाली थी और अपने भाई की शादी का कार्ड देने अपने पति के साथ गांव बड़खल आ रही थी।
गांव बड़खल की रहने वाले फिरदौस की शादी सोहना के कोठड़ा गांव निवासी जमशेद के साथ हुई थी। दोनों के छह बच्चे हैं। फिरदौस का भाई सलमान उसी के पास गांव में रहता है। सलमान की 12 मई को शादी है।
इसी की शादी के कार्ड लेकर फिरदौस अपने पति जमशेद संग गांव बड़खल आ रही थी। दोनों बाइक पर थे। मंगलवार शाम को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड से सैनिक कॉलोनी की तरफ मुड़ते ही ठेके पास अचानक पीछे से डंपर ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क के ऊपर गिर गए। इसके बाद डंपर ने दोनों को कुचल दिया।
जमशेद को समझा सलमान
फिरदौस के स्वजन मौके पर आ गए। कुचलने की वजह से जमशेद की शक्ल पहचानने में नहीं आ रही थी। इसलिए पता नहीं लग रहा था कि वह कौन है। जब उसकी जेब से लाइसेंस, आरसी व आधार कार्ड निकाला तो वह सलमान के थे।इसलिए मृतक को सलमान समझा गया। काफी देर बाद जब लोगों ने जमशेद के गांव में फोन किया तो पता लगा कि सलमान तो यहां है। इसके बाद जमशेद के शव की पहचान हुई।
दंपती के शव सड़क पर पड़े थे। इसलिए यातायात थम गया। अधिकतर वाहन चालक रुक-रुककर चल रहे थे। देख रहे थे कि क्या हुआ है। इसलिए पीछे लंबी लाइन लगती चली गई। पुलिस के आने के बाद एंबुलेंस मंगाई गई, तब जाकर शव उठाए और यातायात सामान्य हो सका।